होमअपराधRTO की कुर्सी पर बैठकर करोड़! ED ने संतोष पॉल की 3.38...

RTO की कुर्सी पर बैठकर करोड़! ED ने संतोष पॉल की 3.38 करोड़ की संपत्ति की कुर्क

मध्य प्रदेश परिवहन विभाग में पदस्थ संतोष पॉल और उनकी पत्नी रेखा पॉल की कमाई और संपत्ति अब जांच एजेंसियों के कठघरे में है। आय के मुकाबले कई गुना अधिक संपत्ति, नकद लेन–देन का संदिग्ध पैटर्न और बैंक खातों की गहन पड़ताल ने मामले को गंभीर बना दिया है। प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई ने प्रशासनिक तंत्र में फैले भ्रष्टाचार पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शिकायत के बाद FIR और फिर कार्रवाई

प्रवर्तन निदेशालय (ED), भोपाल जोनल कार्यालय ने मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत यह कार्रवाई आर्थिक अपराध शाखा (EOW), भोपाल द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की। यह एफआईआर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धाराओं में दर्ज की गई थी, जिसमें क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) संतोष पाल और वरिष्ठ लिपिक श्रीमती रेखा पाल पर अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगाए गए थे। ईडी ने एफआईआर के बाद मामले को मनी लॉन्ड्रिंग के दृष्टिकोण से जांच में लिया।

आय और संपत्ति का चौंकाने वाला अंतर

ईडी की विस्तृत जांच में सामने आया कि संतोष पाल और रेखा पाल की कुल सत्यापित वैधानिक आय लगभग 73.26 लाख रुपये थी। इसके विपरीत, जांच अवधि के दौरान उन्होंने करीब 4.80 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की और उस पर खर्च किया। एजेंसी के अनुसार, करीब 4.06 करोड़ रुपये की संपत्ति आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक पाई गई, जिसे स्पष्ट रूप से Disproportionate Assets की श्रेणी में रखा गया।

नकद जमा और EMI से जुड़ा संदिग्ध पैटर्न

जांच के दौरान बैंक खातों के विश्लेषण में एक खास पैटर्न सामने आया। ईडी के अनुसार, आरोपियों के खातों में बार-बार बड़ी मात्रा में नकद जमा किया गया, और ये जमा प्रायः लोन की EMI चुकाने से ठीक पहले किए जाते थे। जांच एजेंसी का मानना है कि यह तरीका बैंकिंग प्रणाली के जरिए बिना हिसाब की नकदी को खपाने और वैध दिखाने की मंशा को दर्शाता है, जो मनी लॉन्ड्रिंग की एक सामान्य कार्यप्रणाली मानी जाती है।

इन संपत्तियों पर चला ईडी का चाबुक

ईडी ने जांच के आधार पर लगभग 3.38 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है। इन संपत्तियों में जबलपुर जिले में स्थित आवासीय मकान, आवासीय प्लॉट, कृषि भूमि और व्यावसायिक दुकानें शामिल हैं। जांच एजेंसी ने इन सभी अचल संपत्तियों को “अपराध की आय” (Proceeds of Crime) मानते हुए PMLA के तहत कार्रवाई की है।

PMLA के तहत आगे क्या हो सकता है

कानूनी जानकारों के अनुसार, अस्थायी कुर्की के बाद यदि आरोप साबित होते हैं, तो ये संपत्तियां स्थायी रूप से जब्त की जा सकती हैं। साथ ही, मामले में ईडी द्वारा अभियोजन की कार्रवाई भी की जा सकती है, जिससे आरोपियों को लंबी कानूनी प्रक्रिया का सामना करना पड़ सकता है। यह मामला न केवल व्यक्तिगत स्तर पर, बल्कि पूरे परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

ED की सख्ती लेकिन अभी भी पद पर संतोष पॉल

ईडी की यह कार्रवाई यह संकेत देती है कि आय से अधिक संपत्ति और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों में जांच एजेंसियां अब और अधिक सख्त रुख अपना रही हैं। परिवहन जैसे संवेदनशील विभाग में हुई इस कार्रवाई को प्रशासनिक भ्रष्टाचार के खिलाफ एक अहम कदम के तौर पर देखा जा रहा है। लेकिन हैरानी की बात यह है की परिवहन विभाग के द्वारा संतोष पॉल कट ट्रांसफर वापस जबलपुर कर दिया गया है। हालांकि उन्हें विभाग के कानूनी मामले देखने के लिए प्रभार दिया गया है, लेकिन जानकारी के अनुसार वह खुद जबलपुर RTO बने बैठे हैं और RTO के अधिकार क्षेत्र के आदेश भी जारी कर रहे हैं।

Chakreshhar Singh Surya
Chakreshhar Singh Suryahttps://www.prathmikmedia.com
चक्रेशहार सिंह सूर्या…! इतना लम्बा नाम!! अक्सर लोगों से ये प्रतिक्रया मिलती है। हालाँकि इन्टरनेट में ढूँढने पर भी ऐसे नाम का और कोई कॉम्बिनेशन नहीं मिलता। आर्ट्स से स्नातक करने के बाद पत्रकारिता से शुरुआत की उसके बाद 93.5 रेड एफ़एम में रेडियो जॉकी, 94.3 माय एफएम में कॉपीराइटर, टीवी और फिल्म्स में असिस्टेंट डायरेक्टर और डायलॉग राइटर के तौर पर काम किया। अब अलग-अलग माध्यमों के लिए फीचर फ़िल्म्स, ऑडियो-विज़ुअल एड, डॉक्यूमेंट्री, शॉर्ट फिल्म्स डायरेक्शन, स्टोरी, स्क्रिप्ट् राइटिंग, वॉईस ओवर का काम करते हैं। इन्हें लीक से हटकर काम और खबरें करना पसंद हैं। वर्तमान में प्राथमिक मीडिया साप्ताहिक हिन्दी समाचार पत्र और न्यूज़ पोर्टल के संपादक हैं। इनकी फोटो बेशक पुरानी है लेकिन आज भी इतने ही खुशमिज़ाज।
सम्बंधित लेख

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

सर्वाधिक पढ़े गए

हाल ही की प्रतिक्रियाएँ

Pradeep पर वक़्त