
पर्यटक के कैमरे में कैद हुआ दिल दहला देने वाला दृश्य, सुरक्षा कारणों से दो दिन के लिए सफारी बंद
मध्य प्रदेश के संजय-दुबरी टाइगर रिजर्व से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां मेल टाइगर ‘त्रिशूल’ ने बाघिन T-40 के एक शावक का शिकार कर लिया। घटना के बाद वन विभाग ने एहतियातन मंडोला क्षेत्र को दो दिनों के लिए पर्यटकों के लिए बंद कर दिया है।

झाड़ियों में बैठकर शिकार खाते दिखा टाइगर
मंडोला क्षेत्र में सफारी के दौरान पर्यटकों को एक हैरान कर देने वाला दृश्य देखने को मिला। घनी झाड़ियों के बीच एक मेल टाइगर अपने शिकार को खाते हुए नजर आया। शुरुआत में पर्यटकों को लगा कि यह कोई सामान्य शिकार है, लेकिन बाद में पता चला कि टाइगर जिस शिकार को खा रहा था वह बाघिन T-40 का शावक था। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद पर्यटक भी सन्न रह गए।

पर्यटक के कैमरे में कैद हुई दुर्लभ घटना
जबलपुर की अधिवक्ता नेत्त्रा नाथन उस समय मंडोला रेंज में सफारी कर रही थीं। उन्होंने बताया कि झाड़ियों के पास एक बाघ को शिकार खाते हुए देखकर उन्होंने तुरंत कैमरे से तस्वीरें ले लीं। बाद में वन विभाग से पुष्टि हुई कि टाइगर वास्तव में T-40 बाघिन के एक शावक को खा रहा था। वन्यजीव विशेषज्ञ इसे जंगल में होने वाली प्राकृतिक प्रतिस्पर्धा का दुर्लभ लेकिन क्रूर उदाहरण मान रहे हैं।

टाइगर ‘त्रिशूल’ ने किया T-40 के शावक का शिकार
टाइगर रिजर्व के प्रभारी डायरेक्टर राजेश राय के मुताबिक गुरुवार सुबह मेल टाइगर ‘त्रिशूल’ ने बाघिन T-40 के एक शावक को मार दिया। जानकारी के अनुसार T-40 ने हाल ही में तीन शावकों को जन्म दिया था। इनमें से एक शावक त्रिशूल का शिकार बन गया। जंगल में कई बार नर बाघ अपने क्षेत्र और प्रभुत्व को बनाए रखने के लिए शावकों को मार देते हैं, जिसे वन्यजीव व्यवहार का हिस्सा माना जाता है।

सुरक्षा के चलते मंडोला क्षेत्र में प्रवेश बंद
घटना के बाद वन विभाग ने तुरंत एहतियाती कदम उठाए हैं। संजय-दुबरी टाइगर रिजर्व के मंडोला क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही और सफारी को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार अगले दो दिनों तक इस क्षेत्र में किसी भी पर्यटक को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इस दौरान टाइगर ‘त्रिशूल’, बाघिन T-40 और उसके बाकी शावकों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।



